Breaking

अवंति विहार में विकास की नई रफ्तार: वासुदेव केयर हॉस्पिटल के सामने बनेगी नई सीसी रोड और नाली, लोककर्म अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने किया भूमिपूजन

Chhattisgarh RRT News Desk 07 May 2026

post

रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 9 के अंतर्गत आने वाले महर्षि वाल्मीकि वार्ड (क्रमांक 32) के निवासियों को जल्द ही खराब रास्तों और जलभराव की समस्या से निजात मिलने वाली है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम के लोककर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने अवंति विहार कॉलोनी स्थित वासुदेव केयर हॉस्पिटल के सामने नई सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्रीमती प्रभा मनोज विश्वकर्मा सहित निगम के अधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Advertisement

भूमिपूजन के दौरान दीपक जायसवाल ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। उन्होंने मौके पर मौजूद कार्यपालन अभियंता और तकनीकी अमले को सख्त निर्देश दिए कि अधोसंरचना मद के तहत स्वीकृत इस कार्य को तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए। उन्होंने गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने और तय समय सीमा के भीतर सड़क व नाली निर्माण को पूर्ण करने की बात कही, ताकि बारिश के मौसम से पहले स्थानीय निवासियों को सुगम आवाजाही की सुविधा मिल सके।

लोककर्म अध्यक्ष ने कॉलोनीवासियों से भी एक विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि सीसी रोड निर्माण के दौरान क्यूरिंग (तराई) की अवधि में उस पर वाहन न चलाएं, ताकि सड़क की मजबूती बनी रहे और लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। वार्ड पार्षद प्रभा मनोज विश्वकर्मा ने इस विकास कार्य के लिए नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई नाली और सड़क बनने से क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और सुधरेगी। इस दौरान जोन 9 के अधिकारी शरद ध्रुव, सैयद जोहेब और अंकिता जनार्दन सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

You might also like!