Breaking

पेयजल संकट पर एक्शन मोड में नगर निगम: सभापति और जल विभाग अध्यक्ष ने ली समीक्षा बैठक, टोटीविहीन नलों में तत्काल टोटी लगाने के निर्देश

Chhattisgarh RRT News Desk 07 May 2026

post

रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 2 में भीषण गर्मी के मद्देनजर पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। गुरुवार को नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौड़ और जल कार्य विभाग के अध्यक्ष संतोष सीमा साहू ने जोन कार्यालय में जल विभाग के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक का मुख्य एजेंडा ग्रीष्म ऋतु के दौरान वार्डों में सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित करना और तकनीकी बाधाओं को तत्काल दूर करना रहा।

Advertisement

बैठक के दौरान सभापति राठौड़ ने पेयजल समस्याग्रस्त क्षेत्रों में चलाए जा रहे विभागीय और किराये के टैंकरों की सतत मॉनीटरिंग करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पानी के टैंकरों का वितरण संबंधित क्षेत्र के पार्षदों से समन्वय स्थापित कर किया जाए, ताकि किसी भी मोहल्ले में जल संकट की स्थिति निर्मित न हो। इसके साथ ही, जल की बर्बादी रोकने के लिए टोटीविहीन सार्वजनिक नलों में तत्काल टोटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

जल कार्य विभाग के अध्यक्ष संतोष साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जोन क्षेत्र के पावर पंप और हैंडपंप में किसी भी तरह की खराबी आने पर उसकी मरम्मत तत्काल की जाए। मरम्मत कार्य में देरी न हो, इसके लिए स्पेयर पार्ट्स और आवश्यक मोटर सामग्रियों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश भी दिए गए। वर्तमान में चल रहे पाइपलाइन विस्तार और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया है ताकि अंतिम छोर तक पानी पहुँच सके।

समीक्षा बैठक में एमआईसी सदस्य महेंद्र खोड़ियार, अवतार भारती बागल सहित पार्षद गण, जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय और जल विभाग के कार्यपालन अभियंता व सहायक अभियंता उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पानी की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

You might also like!