सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। जिला मुख्यालय से लगे विकासखंड क्षेत्र के ग्राम जोगरा में अज्ञात हमलावरों ने 26 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान (26 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात दिनदहाड़े हुई, जिससे गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।







