CG News- रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम रायपुर जोन 2 के दानवीर भामाशाह वार्ड क्रमांक 26 में विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी गई। क्षेत्र के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत व नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने वार्ड में पहुंचकर लगभग सवा करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस गरिमामय कार्यक्रम में नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड, लोककर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, जोन 1 अध्यक्ष गज्जू साहू, वार्ड पार्षद रामहीन कुर्रे, पूर्व पार्षद ओंकार बैस और पुरुषोत्तम देवांगन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और युवा उपस्थित रहे। अतिथियों ने सामूहिक रूप से श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर लगभग 50 लाख रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, जबकि लगभग 75 लाख रुपये की लागत से पूरे हो चुके कार्यों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेश मूणत ने क्षेत्र के विकास का खाका खींचा। उन्होंने कहा कि पहले वार्ड 26 में बुनियादी सड़कों का अभाव था, लेकिन उनके कार्यकाल में हर गली-मोहल्ले को पक्की सड़कों से जोड़ा गया। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ठक्कर बापा वार्ड में जलागार (पानी टंकी) के निर्माण के लिए राज्य शासन से 18 करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं, जिससे क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा। नागरिकों की सुविधा को देखते हुए विधायक ने बिना किसी मांग के ही मिनीमाता चौक गुढ़ियारी भवन के सामने नया शेड निर्माण कराने के लिए अपनी विधायक निधि से स्वेच्छानुदान देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से गरीब महिलाओं के स्व सहायता समूह बनाकर उन्हें एनयूएलएम योजना के तहत रोजगार से जोड़ने और सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित होने वाले लोगों को मुआवजा देने के बाद ही काम आगे बढ़ाने की बात कही।
महापौर मीनल चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम रायपुर में पिछले तीन कार्यकालों (15 वर्षों) की पूर्ववर्ती सरकारों की गलतियों और कमियों को सुधारने में वर्तमान शहर सरकार का काफी समय लग रहा है। इसके बावजूद वर्तमान प्रशासनिक अमला नागरिकों की समस्याओं का संकल्प पूर्वक और तेजी से निदान कर रहा है। उन्होंने वार्ड पार्षद रामहीन कुर्रे की सक्रियता की सराहना की। वहीं, सभापति सूर्यकांत राठौड ने प्रतिपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि वार्ड 26 में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाने और मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया है, जिसका श्रेय लेने की कोशिश कुछ लोग कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि ठक्कर बापा वार्ड में नई पानी टंकी का काम जल्द पूरा हो जाएगा, जिससे वर्ष 2027 की गर्मियों में वार्डवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होने लगेगा।







