रायपुर: राजधानी में मानसून की दस्तक से पहले नगर निगम ने जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए कमर कस ली है। रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 10 अंतर्गत कामरेड सुधीर मुखर्जी वार्ड क्रमांक 54 में बारिश के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। वार्ड पार्षद श्रीमती सुषमा तिलक साहू ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर कविता नगर बोरियाखुर्द के बड़े नाले की जेसीबी मशीन के माध्यम से सफाई करवाई।
स्पॉट पर अधिकारियों को बुलाकर कराया कार्य
वार्ड पार्षद ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और पिछले वर्षों में हुई जलभराव की समस्या को देखते हुए जोन 10 के कमिश्नर श्री मोनेश्वर शर्मा से विशेष चर्चा की। पार्षद की पहल पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री अमित बेहरा तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पार्षद ने अपनी उपस्थिति में जेसीबी मशीन लगवाकर नाले में जमा सिल्ट, कचरा और झाड़ियों को साफ करवाया, जिससे गंदे पानी की निकासी का मार्ग सुगम हो गया है।
जलभराव से मिलेगी राहत
कविता नगर और बोरियाखुर्द का यह नाला क्षेत्र की जल निकासी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कचरा जमा होने के कारण अक्सर बारिश में यह नाला ओवरफ्लो हो जाता था, जिससे घरों में पानी घुसने की नौबत आ जाती थी। पार्षद सुषमा साहू ने कहा, "हमारी प्राथमिकता है कि आगामी मानसून के दौरान रहवासियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। नाले की सफाई से पानी का बहाव तेज होगा और वार्ड में जलभराव की स्थिति निर्मित नहीं होगी।"
क्षेत्र के नागरिकों ने पार्षद की इस तत्परता और मानसून से पहले की गई इस सक्रियता की सराहना की है। नगर निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि शहर के सभी प्रमुख नालों की सफाई समय रहते पूरी कर ली जाए ताकि बारिश का पानी बस्तियों में न रुके।








