सरगुजा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित जी.आर.ए. स्कूल, जूनाडीह में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेकर पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों के साथ हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हरित वातावरण स्वस्थ समाज की पहचान है और वृक्षारोपण से जैव विविधता, जल स्रोतों का संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन मजबूत होता है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण के संदेशवाहक बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।







