Breaking
- Raipur Social Media Case: महापौर से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो मामले में सोमा देव...
- Raipur Teacher Protest: टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों का तुता मैदान में सत्याग्रह, ...
- Raigarh Farmer Success: बंजर जमीन पर ग्राफ्टेड खेती ने बदली तस्वीर, टमाटर-बैं...
- GPM Mineral Action News: सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत-...
- Lokrang Parv: 6 से 8 सितंबर तक लोकधुनों और लोकगाथाओं से सजेगा मुक्ताकाशी मंच
- Dhamtari Kurud News: ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का आयुक्त तारन प्रकाश स...
- Teacher Award News: शिक्षक दिवस पर 21 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, रामविचार नेता...
- Development News: 260 गांवों में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, शिक्षा और बु...
- Kawardha Janmashtami News: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राधा-कृष्ण मंदिर में क...
- Raipur Mayor News: महापौर मीनल चौबे पर कथित अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ...
ठाकुर श्रीबांकेबिहारी को नहीं मिला सुबह का कलेऊ, 500 वर्षों में पहली बार टूटी परंपरा

सोमवार को ठाकुर श्रीबांकेबिहारी भक्तों को दर्शन देने तो विराजे, लेकिन उनके श्रीमुख पर रोज जैसी बाल-लीला की छटा दिखाई नहीं दी। मानो उनका मुखमंडल यह संकेत दे रहा हो कि यशोदा मैया का लाला भूखा है।

भक्तों को ऐसा लगा जैसे ठाकुर स्वयं मौन भाव से कह रहे हों, जिन्हें मेरे सुबह के कलेऊ की जिम्मेदारी दी गई थी, उन्होंने आज मेरी ओर देखा तक नहीं। बाल स्वरूप में विराजने वाले इस लाला को सुबह का कलेऊ (बालभोग) न मिलना पीड़ा देने वाला दृश्य था।
पांच सौ वर्षों में यह पहली बार हुआ
पांच सौ वर्षों में यह पहली बार हुआ, जब ब्रज के दुलारे ठाकुर बांकेबिहारी को सुबह का बालभोग नहीं मिला। प्रतिदिन की परंपरा के अनुसार, प्रातः दर्शन से पहले ठाकुर जी को कलेऊ अर्पित किया जाता है, किंतु सोमवार सुबह पौने नौ बजे तक यह भोग नहीं लगाया गया। जैसे ही यह बात भक्तों तक पहुंची, मंदिर परिसर में भावुकता और पीड़ा का माहौल बन गया।
भक्तों ने कही ये बात
कानपुर के किदवई नगर से आए रजनीश ने कहा, जब ठाकुर जी पीड़ा में हैं, तो हम दर्शन कर कैसे सुखी मन से लौट सकते हैं। वहीं भरतपुर से आए शैलेंद्र सिंह ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ठाकुर जी को भोग न मिलना पूरी तरह गलत है।
भक्तों के मन में यह प्रश्न उठता रहा कि कहीं यह प्रबंधन और सेवायतों के बीच टकराव का परिणाम तो नहीं है, लेकिन इस विषय पर जिम्मेदारों की ओर से चुप्पी ही बनी रही।
प्रतिदिन चार पहर भोग लगाया जाता है
गौरतलब है कि लगभग 500 वर्ष पूर्व प्रकट हुए ठाकुर श्रीबांकेबिहारी को प्रतिदिन चार पहर भोग लगाया जाता है। सुबह दर्शन से पूर्व बालभोग, दोपहर में मंदिर बंद होने से पहले राजभोग, शाम को पट खुलने पर उत्थापन भोग और रात में शयनभोग की परंपरा है।
भोग निर्माण की जिम्मेदारी हलवाई को दी जाती है, जो भोग तैयार कर सेवायतों को सौंपता है और सेवायत ठाकुर जी को भोग अर्पित करते हैं। सोमवार की यह घटना न केवल परंपरा के टूटने का विषय बनी, बल्कि भक्तों के हृदय को भी व्यथित कर गई।







