Breaking

टैगोर नगर में कचरा जलाने पर एचपी गैस एजेंसी पर लगा 4000 रुपये का ई-जुर्माना

Chhattisgarh 04 June 2026 (46)

post

राजधानी रायपुर में पर्यावरण प्रदूषण फैलाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने अपना कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के स्पष्ट निर्देशों और जोन 6 के कमिश्नर हितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में आज जोन 6 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। टीम ने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टैगोर नगर में स्थित एक एचपी गैस एजेंसी के संचालक को खुले में कचरा जलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा, जिसके बाद मौके पर ही सख्त एक्शन लिया गया।

Advertisement

कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी आदित्य हजारी, स्वच्छता निरीक्षक महेंद्र कलिहारी, अजय शर्मा और अभिषेक जायसवाल की मौजूदगी में गैस एजेंसी संचालक को पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने और स्वच्छता नियमों की धज्जियां उड़ाने के लिए कड़ी फटकार लगाई गई। इसके साथ ही, निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित संचालक पर तत्काल 4000 रुपये का ई-जुर्माना (e-Penalty) ठोक दिया। प्रशासन ने एजेंसी संचालक को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि दोबारा ऐसी लापरवाही पाए जाने पर इससे भी ज्यादा सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम अधिकारियों ने इस मौके पर शहरवासियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे सूखे और गीले कचरे का निपटारा निर्धारित नियमों के तहत ही करें। कचरे को खुले में जलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे वायु प्रदूषण बढ़ता है और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आगजनी जैसी बड़ी दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। रायपुर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए निगम का यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी सभी जोनों में लगातार जारी रहेगा।

You might also like!