Breaking
- Ambikapur Football Tournament Rajesh Agrawal: अंबिकापुर में फुटबॉल प्रतियोगित...
- Swavalambi Bastar Abhiyan Review Vijay Sharma: ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की तै...
- CG DMF State Monitoring Committee Meeting Vikas Sheel: डीएमएफ फंड से स्थानीय ...
- Press Conference Lakhanlal Dewangan: उद्योग और निवेश का नया हब बना छत्तीसगढ़,...
- CM Vishnu Deo Sai Jandarshan Good Governance: संवेदनाओं से सुशासन की नई इबारत...
- CG Police HNLU Criminal Law Summit Vijay Sharma: आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक वि...
- CM Vishnu Deo Sai Jandarshan Treatment Aid: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर...
- CM Vishnu Deo Sai Jandarshan Hearing Aid: जनदर्शन में 30 साल से सुनने की समस्...
- Abhanpur Paddy Center Protest: बिरोदा से बकतरा धान खरीदी केंद्र शिफ्ट करने पर...
- Balrampur Minor Rape Case Arrest: रामानुजगंज में मामा के घर आई नाबालिग से दुष...
Swavalambi Bastar Abhiyan Review Vijay Sharma: ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा, बस्तर संभाग के 5 लाख परिवारों को आजीविका से जोड़ने का लक्ष्य

रायपुर। बस्तर के स्थानीय संसाधनों, प्राकृतिक संपदा और ग्रामीणों की क्षमताओं का समुचित उपयोग कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से तैयार ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की वृहद कार्ययोजना की उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि बस्तर के प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए स्थायी आजीविका के अवसर सृजित किए जाएं और कोई भी पात्र परिवार आजीविका गतिविधियों व सामुदायिक संस्थाओं से वंचित न रहे।

सात जिलों के 5 लाख परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य, 52 उत्पादों पर फोकस
आगामी पांच वर्षों की निवेश कार्ययोजना के तहत बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले की 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों में लगभग 5 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे प्रति परिवार 20 से 30 हजार रुपए मासिक आय तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान में कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, वनोपज, पशुपालन तथा गैर कृषि व सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों से जुड़े 23 उपक्षेत्रों के करीब 52 प्रमुख उत्पादों को चिन्हांकित किया गया है। इनमें जैविक चावल, मिलेट्स, मसाले, फल-सब्जियां, इमली, महुआ, काजू, बांस, कोसा, लाख, शहद, कॉफी, दुग्ध व मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, ढोकरा शिल्प और पर्यटन शामिल हैं।
संपूर्ण मूल्य श्रृंखला, ओएनडीसी से बाजार और एनडीडीबी के साथ दुग्ध योजना
कच्चे माल की आपूर्ति, प्रशिक्षण, उत्पादन, भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन तक संपूर्ण मूल्य श्रृंखला विकसित करने के साथ कलेक्शन सेंटर, भंडारण केंद्र, प्रसंस्करण इकाइयां और शीत श्रृंखला बनाई जाएगी, जिसमें ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया (टीआरआई) तकनीकी सहयोग दे रहा है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) के मायस्टोर सहित डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से ग्रामीण परिवारों को दुधारू गाय उपलब्ध कराने तथा दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की व्यवस्था तैयार की जा रही है।
60 योजनाओं का समन्वय, शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा और पायलट गतिविधियां
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र व राज्य शासन के 10 विभागों की 60 योजनाओं का समन्वय किया जाएगा तथा परिवारों को ‘बिहान’ के स्व-सहायता समूहों, सहकारी संस्थाओं, एफपीओ और वन धन विकास केंद्रों से जोड़ा जाएगा। बस्तर में पूर्व सुरक्षा कैंपों के स्थान पर ‘शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा’ विकसित करने का प्रस्ताव है, जिन्हें सेवा सेतु पोर्टल से जोड़कर ग्रामीणों को गांव के समीप ही नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। औपचारिक शुभारंभ से पूर्व गीदम और कांकेर विकासखंडों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत सर्वेक्षण, कार्यशालाएं और परिवारवार आजीविका कार्ययोजना तैयार करने का कार्य शुरू हो गया है।
बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक अश्वनी देवांगन और मुख्य अभियंता के.के. कटारे सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






