CG News- रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 9 के अंतर्गत आने वाले 7 वार्डों (कुशाभाउ ठाकरे वार्ड, महात्मा गांधी वार्ड, पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड, रानी लक्ष्मीबाई वार्ड, डॉ. भीमराव अम्बेडकर वार्ड, महर्षि वाल्मिकी वार्ड और लाल बहादुर शास्त्री वार्ड) के लिए 'सुशासन तिहार 2026' के तहत गारमेंट फैक्ट्री पॉम बेलाजियो के सामने एक वृहद जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लेने रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड, जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने भीषण गर्मी के बावजूद विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद आम जनता से उनकी मांगों और समस्याओं को लेकर सीधे चर्चा की।
शिविर के दौरान महापौर मीनल चौबे ने नागरिकों से कड़ी अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों में लगे अवैध नल कनेक्शनों को तत्काल नियमित करवा लें, अन्यथा नगर निगम अभियान चलाकर उन्हें काटने की सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान शहर सरकार किसी भी अवैध कॉलोनी में विकास कार्य नहीं करवाएगी और न ही बिना जांच-परीक्षण के कोई बल्क कनेक्शन या पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाएगा। महापौर ने शिविर में आवेदनों की कमी पर नाराजगी जताते हुए जोन कमिश्नर को पर्याप्त मात्रा में आवेदन पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, सभापति सूर्यकांत राठौड ने कहा कि सुशासन शिविर में प्रतिपक्ष दल के कार्यकर्ताओं द्वारा आवेदन देना इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार के इस अभियान पर जनता का अटूट विश्वास है।
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सुशासन तिहार में प्राप्त सभी जायज आवेदनों का एक माह की समय सीमा के भीतर नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। इस शिविर में त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई का बेहतरीन उदाहरण देखने को मिला, जहां मौके पर ही 15 पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण हेतु स्वीकृति पत्र सौंपे गए। इसके अलावा, परिवहन विभाग द्वारा 12 नागरिकों को तुरंत लर्निंग लाइसेंस, श्रम विभाग द्वारा ई-श्रम कार्ड, खाद्य विभाग द्वारा 11 परिवारों को अंत्योदय व बीपीएल राशन कार्ड और स्वास्थ्य विभाग द्वारा कई नागरिकों को 5 लाख रुपये तक के आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाकर वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर गर्भवती माताओं की गोदभराई और नवजात शिशुओं के अन्नप्राशन की रस्म भी पूरी की गई।







