छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के आदेशानुसार और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के निर्देशानुसार, रायपुर नगर पालिक निगम के जोन 4 में 'सुशासन तिहार 2026' के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। रायपुर के सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस शिविर में रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा और रायपुर दक्षिण विधायक श्री सुनील सोनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। शिविर में नगर निगम सहित 16 विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी जनता की शिकायतों और मांगों के त्वरित निराकरण हेतु उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार में प्रशासनिक तत्परता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला, जहाँ 20 आवेदकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण हेतु तत्काल भवन अनुज्ञा पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, कई नागरिकों को आवेदन देते ही प्राथमिकता और सामान्य श्रेणी के राशन कार्ड बनाकर सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान 'नौनी सुरक्षा योजना' के तहत बालिकाओं का सम्मान, नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन और गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म भी पूरी की गई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी सहायिका श्रीमती प्रमिला यादव को उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए शाल और श्रीफल से सम्मानित किया गया।
विधायक श्री सुनील सोनी और श्री पुरंदर मिश्रा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सफाई, पानी और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी समस्याओं के लिए जनता को भटकना न पड़े, ऐसी व्यवस्था सभी 10 जोनों में सुनिश्चित की जाए। विधायक श्री मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर ई-ऑटो रिक्शा क्रय किया है, ताकि पेट्रोल-डीजल की बचत कर देश हित में योगदान दिया जा सके। सभापति श्री सूर्यकान्त राठौड़ ने भी निगम अधिकारियों को जनहित के कार्यों में गंभीरता बरतने और शिविरों में प्राप्त आवेदनों का एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








