अंबिकापुर। किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने सरगुजा जिले में बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायत के आधार पर अंबिकापुर के नेहरूनगर (डीगमा) स्थित एक उर्वरक विक्रय केंद्र पर छापा मारकर 3219 बोरी उर्वरक जब्त किए गए हैं। साथ ही संबंधित विक्रय केंद्र को सील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार एक किसान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मेसर्स सरगुजा कृषि राय केंद्र द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेची जा रही है। शिकायत मिलने के बाद कृषि विभाग की टीम ने जांच शुरू की। शिकायतकर्ता के बयान और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर विभाग ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में उर्वरक जब्त कर केंद्र को सील कर दिया गया। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत पर खाद बेचने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







