अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में 15 वर्षीय छात्र का शव पहाड़ी पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। उदयपुर थाना क्षेत्र के रिखी गांव स्थित टिहली पर्वत पर मिले शव के चेहरे और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक नौवीं कक्षा का 15 वर्षीय छात्र था। वह घर से खेलने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन ग्रामीणों ने टिहली पर्वत पर एक किशोर का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
मृतक के चेहरे और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। यदि हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।







