Breaking

स्टील प्लांट में करोड़ों की सेंध: 3.22 करोड़ रुपये का लौह स्क्रैप जब्त, पुलिस ने गिरोह के 4 आरोपियों को दबोचा

Chhattisgarh RRT News Desk 29 May 2026

post

CG News- भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से भारी मात्रा में कीमती लौह स्क्रैप चोरी करने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पुरानी भिलाई पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के चार सक्रिय आरोपियों को धरदबोचा है। पुलिस की इस छापेमारी में आरोपियों के कब्जे से करीब 250 टन लोहा, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है, बरामद किया गया है। इसके साथ ही चोरी की वारदात को अंजाम देने और माल परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे कई भारी वाहनों को भी जब्त किया गया है।

Advertisement

इस पूरे महाघोटाले और संगठित चोरी का खुलासा सबसे पहले मीडिया द्वारा किया गया था, जिसके बाद पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया। भिलाई-3 थाना पुलिस को 26 मई को एक पुख्ता इनपुट मिला था कि ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित 'एके ट्रेडर्स' और एचआईए हथखोज इलाके में भारी मात्रा में संदिग्ध और अवैध स्क्रैप डंप करके रखा गया है। सूचना की तस्दीक करते हुए जब पुलिस टीम ने बताए गए ठिकानों पर दबिश दी, तो वहां प्लांट से गायब किया गया बीएसपी का कीमती स्क्रैप बरामद हुआ।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह बेहद शातिर और संगठित तरीके से बीएसपी प्रबंधन की आंखों में धूल झोंककर प्लांट के भीतर से स्क्रैप पार कर रहा था। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि इस रैकेट में शामिल बीएसपी के भीतर के कुछ संदिग्धों और अन्य बड़े खरीदारों के नामों का खुलासा किया जा सके। इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस ने क्षेत्र के अन्य कबाड़खानों और संदिग्ध व्यावसायिक ठिकानों पर भी अपनी निगरानी बढ़ा दी है।

You might also like!