Breaking

छत्तीसगढ़ में 29 जून से मनाया जाएगा सहकारिता सप्ताह-2026, रायपुर में होगा राज्य स्तरीय सहकार मेला

Chhattisgarh RRT News Desk 27 June 2026

post

जगदलपुर। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक पूरे छत्तीसगढ़ में "सहकारिता सप्ताह-2026" मनाया जाएगा। इसकी जानकारी सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

मंत्री ने बताया कि सहकारिता सप्ताह को जनभागीदारी आधारित अभियान के रूप में मनाया जाएगा। प्रदेश की 2573 प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) सहित दुग्ध, मत्स्य, बुनकर और अन्य सहकारी संस्थाओं में सदस्यता अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड वितरण, सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, कृषक संगोष्ठी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 3 और 4 जुलाई को रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह और सहकारी संगोष्ठी का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकार मेले में किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों की सफलता की कहानियों के साथ आधुनिक तकनीक, डिजिटल सेवाओं और मूल्य संवर्धन के मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 6 जुलाई को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री द्वारा विश्व की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना के तहत छत्तीसगढ़ की 9 पैक्स समितियों में गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य सहकारिता के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई गति देना है।

You might also like!