Raipur: नगर पालिक निगम रायपुर ने स्वच्छता के प्रति लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देश पर जोन 9 कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा ने बीएसयूपी खालबाड़ा (वार्ड क्रमांक 8) क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में भारी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार मेसर्स आदित्य इंटरप्राइजेज का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। बताया जा रहा है कि संबंधित ठेकेदार को पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कार्यप्रणाली में सुधार न होने के कारण यह कठोर दंडात्मक कदम उठाया गया है।
दरअसल, रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू को क्षेत्रवासियों से लगातार गंदगी और लचर सफाई की शिकायतें मिल रही थीं। विधायक के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि श्री मैकमिलन साहू और वार्ड पार्षद श्रीमती सावित्री धीवर ने जोन कमिश्नर के साथ बीएसयूपी खालबाड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नालियों में जमा कचरा और सड़कों पर गंदगी देख विधायक प्रतिनिधि ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक रिकॉर्ड के अनुसार, मेसर्स आदित्य इंटरप्राइजेज का ठेका कार्यकाल समाप्त होने के बाद उसे 3 माह बढ़ाने का प्रस्ताव था, लेकिन ठेकेदार ने न तो सहमति पत्र दिया और न ही सफाई कार्य में गंभीरता दिखाई। इसके अलावा, क्षेत्र में सीवर लाइन मरम्मत कार्य में हो रहे अनावश्यक विलंब को लेकर भी विधायक प्रतिनिधि ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित निर्माण ठेकेदार पर जुर्माना लगाने और कार्य को युद्धस्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं ताकि स्थानीय निवासियों को जलभराव और दुर्गंध से निजात मिल सके।
इस कार्रवाई के बाद नगर निगम के अन्य जोन में भी हड़कंप की स्थिति है। जोन 9 प्रशासन ने अब बीएसयूपी खालबाड़ा की जिम्मेदारी नए सिरे से तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्षद सावित्री धीवर ने कहा कि वार्ड की स्वच्छता उनकी प्राथमिकता है और वह स्वयं इसकी नियमित मॉनिटरिंग करेंगी। विधायक मोतीलाल साहू ने संदेश दिया है कि रायपुर ग्रामीण विधानसभा के किसी भी क्षेत्र में विकास कार्यों या बुनियादी सुविधाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों पर भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।








