Breaking

Swachh Survekshan 2026 - जोन अध्यक्ष ने किया वार्डों का सूक्ष्म निरीक्षण, सिटी प्रोफाइल और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

Chhattisgarh 11 April 2026 (43)

post

RRT News - रायपुर: रायपुर नगर पालिक निगम के अंतर्गत आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की जमीनी तैयारियों को परखने के लिए आज जोन 8 में उच्च स्तरीय निरीक्षण किया गया। महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त विश्वदीप के दिशा-निर्देशों के पालन में, जोन 8 के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर और जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने विभिन्न वार्डों का दौरा किया। इस दौरान टीम ने विशेष रूप से 'सिटी प्रोफाइल' को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की, ताकि सर्वेक्षण के दौरान रायपुर को बेहतर अंक मिल सकें।

Advertisement

निरीक्षण दल ने मुख्य रूप से डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड (19), शहीद भगत सिंह वार्ड (21) और माधव राव सप्रे वार्ड (69) के अंतर्गत आने वाले मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान स्वच्छता संबंधी वॉल राइटिंग (दीवार लेखन), सार्वजनिक शौचालयों की सफाई की स्थिति और सड़कों पर कचरा संग्रहण की व्यवस्था का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। जोन अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि सिटी प्रोफाइल को अपडेट रखने के साथ-साथ स्वच्छता के संदेशों को दीवारों के माध्यम से जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

निरीक्षण के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षकों को कड़े निर्देश दिए गए कि वार्डों में कहीं भी गंदगी का अंबार न दिखे और शौचालयों में पानी व साफ-सफाई की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित हो। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि आगामी सर्वेक्षण के मानकों के अनुसार ही वार्डों का रखरखाव किया जाए। बैठक और निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता की रैंकिंग में सुधार लाना और नागरिकों को एक स्वच्छ वातावरण प्रदान करना है।

You might also like!