Breaking

Raipur Education News: दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की शिक्षा को आसान बना रहा ऑडियो बुक अभियान, वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई छत्तीसगढ़ टीम

Chhattisgarh 03 September 2026

post

रायपुर, 3 सितंबर 2026। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तकनीक आधारित प्रयासों को और व्यापक बनाने की जरूरत है। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के प्रयास की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया।

Advertisement

वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम को किया सम्मानित

राज्यपाल रमेन डेका से गुरुवार को लोक भवन में वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के सदस्यों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने टीम के सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

टीम की उपलब्धि गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज होने पर राज्यपाल ने सभी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक का उपयोग कर दृष्टिबाधित विद्यार्थियों तक उपयोगी सामग्री पहुंचाना समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान है।

11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने का लक्ष्य

वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम दृष्टिबाधित और सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। इस अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षिका के. शारदा के नेतृत्व में हुई थी।

के. शारदा अब तक स्वयं 1,800 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार कर चुकी हैं। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के 30 शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों के साथ इस अभियान में योगदान दे रहे हैं।

शिक्षा में समान अवसर दिलाने पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ऑडियो के माध्यम से अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समान शैक्षणिक अवसर देने की दिशा में अहम कदम है।

उन्होंने ऐसे प्रयासों को और विस्तार देने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक दृष्टिबाधित विद्यार्थी अपनी पढ़ाई में इसका लाभ उठा सकें और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

चैनल को 8 लाख से ज्यादा बार देखा गया

वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल पर 107 से अधिक प्लेलिस्ट उपलब्ध हैं। चैनल को अब तक 8 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। टीम की ओर से विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम आधारित और उपयोगी अध्ययन सामग्री को ऑडियो प्रारूप में तैयार किया जा रहा है।

इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ हेड सोनल राजेश शर्मा सहित वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम के सभी सदस्य मौजूद रहे।

You might also like!