रायपुर। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में नगर निगम के जोन 1, 5, 7 और 8 के अंतर्गत आने वाले 20 वार्डों के विकास कार्यों और जनसमस्याओं की करीब पांच घंटे तक गहन समीक्षा की। बैठक में महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पार्षद और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में विधायक मूणत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजधानी रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्वच्छ सर्वेक्षण, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, नालों की सफाई, जलभराव, पेयजल व्यवस्था, वेंडिंग जोन और विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्षदों से भी उनके वार्डों की समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली गई।
राजेश मूणत ने स्पष्ट कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में अवैध निर्माण, अवैध प्लॉटिंग, अवैध कब्जे और नियमों के विपरीत किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने और अवैध विज्ञापन होर्डिंग्स पर भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।
महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों से राजधानी में जलभराव और पेयजल समस्याओं के समाधान पर विशेष फोकस रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि रामकी कंपनी के माध्यम से शहर के सभी घरों में प्रतिदिन शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पार्षदों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में निगम के एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष, पार्षद, अपर आयुक्त, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक में राजधानी के विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।







