रायपुर। राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम और यातायात पुलिस प्रशासन द्वारा टीम प्रहरी अभियान के तहत अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई लगातार जारी है। नगर निगम जोन-4 क्षेत्र के मालवीय रोड और बैजनाथपारा मुख्य मार्ग पर अभियान चलाकर सड़क के दोनों ओर किए गए कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान दुकानदारों को सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान मार्ग विभाजक के दोनों ओर सड़क मार्ग अतिक्रमण मुक्त पाया गया। वहीं, मुख्य बाजार क्षेत्र के सड़क मार्ग पर कब्जा करने वाले दो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। संबंधित दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर कब्जा नहीं करने की कड़ी चेतावनी देते हुए कुल 2 हजार रुपये का ई-चालान वसूला गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सामान जब्त करने जैसी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
अधिकारियों के अनुसार, टीम प्रहरी अभियान के लगातार संचालन से रायपुर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिल रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कर आम नागरिकों एवं राहगीरों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के नगर निवेश विभाग, उड़नदस्ता और संबंधित यातायात पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही।







