रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक युवती के साथ धोखे से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती को 'स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग' सिखाने का झांसा देकर अपने ऑफिस बुलाया और वहां उसे नशीला पदार्थ मिला हुआ कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया। जब युवती सुध-बुध खो बैठी, तो आरोपी ने उसके साथ अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को शेयर बाजार का जानकार बताकर युवती से दोस्ती की थी और उसे ट्रेडिंग की बारीकियां सिखाने के बहाने अपने दफ्तर आमंत्रित किया था। घटना वाले दिन आरोपी ने ऑफिस में युवती को कोल्ड ड्रिंक दी, जिसे पीने के बाद वह बेसुध हो गई। होश में आने पर पीड़िता को अपने साथ हुई दरिंदगी का अहसास हुआ। डरी-सहमी युवती ने हिम्मत जुटाकर परिजनों को आपबीती सुनाई और थाने पहुँचकर एफआईआर दर्ज कराई।
रायपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित की और आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और नशीला पदार्थ खिलाने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इसी तरह किसी अन्य महिला को भी अपना शिकार बनाया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या अनजान व्यक्तियों द्वारा दिए जा रहे लुभावने प्रस्तावों और निजी मुलाकातों को लेकर विशेष सावधानी बरतें।








