रायपुर: राजधानी के रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की 'तस्वीर और तकदीर' बदलने के संकल्प के साथ आज विधायक श्री सुनील सोनी और महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने शहीद राजीव पाण्डेय वार्ड (वार्ड क्रमांक 62) में विकास कार्यों का पिटारा खोल दिया। संजय नगर शिव मंदिर और बकरा मार्केट के पास आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में कुल 8 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिनकी कुल लागत 52 लाख 60 हजार रुपये है। ये कार्य विधायक निधि, सांसद निधि और अधोसंरचना मद से पूर्ण किए जाएंगे।
वार्ड 62 को मिली ये प्रमुख सौगातें
जोन-6 के अध्यक्ष और वार्ड पार्षद श्री बद्री प्रसाद गुप्ता ने बताया कि स्वीकृत राशि से वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। प्रमुख कार्यों में शामिल हैं:
संजय नगर गार्डन: 9 लाख रुपये की लागत से भव्य उद्यान का निर्माण।
सामुदायिक भवन: इंदिरा नगर, संजय नगर फिल्टर प्लांट और शिव मंदिर के पास कुल 3 नए सामुदायिक भवनों का निर्माण।
श्रमिक शेड: प्रभारी मंत्री निधि से 5 लाख की लागत से गोंडवाना भवन टिकरापारा परिसर में शेड निर्माण।
सांसद निधि कार्य: रावणभाठा रिंग रोड स्थित सामुदायिक भवन में 5 लाख रुपये से अतिरिक्त कक्ष का निर्माण।
"गुणवत्ता से समझौता नहीं, नागरिक सीधे करें शिकायत" - महापौर
कार्यक्रम के दौरान महापौर मीनल चौबे ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में हो रहे कार्यों की निगरानी स्वयं करें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, "यदि किसी भी नागरिक को विकास कार्य की गुणवत्ता में कोई कमी दिखे, तो वे सीधे नगर निगम में मुझसे शिकायत करें।" उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
प्रधानमंत्री आवास योजना: 5 परिवारों का घर बनाने का सपना हुआ पूरा
विकास कार्यों के भूमिपूजन के साथ-साथ विधायक और महापौर ने सामाजिक सरोकार की दिशा में भी कदम बढ़ाए। प्रधानमंत्री आवास योजना (मोर जमीन मोर मकान) के तहत 5 पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण शुरू करने के लिए 'भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र' सौंपे गए। स्वीकृति पत्र मिलते ही हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। विधायक सुनील सोनी ने कहा कि हर गरीब के सिर पर पक्की छत सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
पार्षदों और गणमान्य जनों की गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर जोन-5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, लोककर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, पार्षद प्रमोद कुमार साहू, रमेश सपहा, पूर्व पार्षद ओंकार बैस सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और नवयुवक उपस्थित रहे। जोन-6 के कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा को विधायक ने निर्देश दिए कि अगले 6 माह के भीतर इन कार्यों का लाभ जनता को मिलना शुरू हो जाना चाहिए।








