RRT News - रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। आर डी तिवारी स्कूल को जल्द ही नया स्वरूप मिलने वाला है। इसके लिए करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण और मरम्मत कार्य किए जाएंगे।
विधायक राजेश मूणत ने महापौर मीनल चौबे और अन्य अधिकारियों के साथ स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृति के अनुसार निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए और इसे तय समय सीमा में पूरा किया जाए।
बताया गया कि करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन बनाया जाएगा, जबकि लगभग 60 लाख रुपये पुराने भवन की मरम्मत और अन्य जरूरी सुविधाओं पर खर्च किए जाएंगे। इससे स्कूल की बुनियादी सुविधाएं और शिक्षा का स्तर बेहतर होगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने सख्त लहजे में कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने कार्य की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस मौके पर निगम के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूल प्रबंधन और शिक्षक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस पहल से बच्चों को बेहतर शिक्षा वातावरण मिलेगा और स्कूल जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नजर आएगा।








