Breaking

रायपुर में रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ, छत्तीसगढ़ में कैंसर उपचार सुविधाओं को मिली नई मजबूती

Chhattisgarh 16 August 2026

post

रायपुर, 16 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल परिसर में अत्याधुनिक रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने नई कैंसर इकाई में उपलब्ध उपचार सुविधाओं और आधुनिक मशीनरी का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने डॉ. संदीप दवे के भाई स्वर्गीय श्री प्रदीप दवे को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पिछले 36 वर्षों से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ बेहतर उपचार सुविधाएं विकसित करने का संकल्प अब कैंसर इंस्टीट्यूट के रूप में सामने आया है। नए संस्थान से मरीजों को एक ही परिसर में जांच, उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेशवासियों को आधुनिक चिकित्सा के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत को कम करना और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं छत्तीसगढ़ में ही उपलब्ध कराना है।

कैंसर की शुरुआती जांच पर जोर

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कैंसर इंस्टीट्यूट के शुभारंभ को प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कैंसर केवल मरीज की ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की पीड़ा होती है। उन्होंने नियमित स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि कैंसर की पहचान प्रारंभिक अवस्था में होने पर उपचार की संभावनाएं बेहतर रहती हैं। नए संस्थान से मरीजों को व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर मिलने में मदद मिलेगी।

प्रदेश में बढ़ा मेडिकल और सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का दायरा

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट के शुरू होने से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण नई सुविधा जुड़ी है। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज हैं। इसके साथ ही सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में दो नए सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों पर काम चल रहा है। बस्तर में सुपर स्पेशलिटी सुविधा शुरू होने से गंभीर मरीजों को उपचार के लिए रायपुर लाने की आवश्यकता कम हुई है। वहीं जगदलपुर में जटिल हृदय सर्जरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। बिलासपुर में भी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का शुभारंभ हो चुका है।

कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री मोतीलाल साहू, चिकित्सक, स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You might also like!