दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने रायपुर रेल मंडल के यात्रियों को एक बड़ी राहत दी है। निपनिया-भाटापारा रेल सेक्शन में रोड अंडरब्रिज (RUB) के निर्माण कार्य के चलते रद्द और प्रभावित की गई छह मेमू लोकल ट्रेनों को रेलवे ने दोबारा बहाल कर दिया है। ये सभी ट्रेनें 6 मई 2026 से एक बार फिर अपने निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पटरियों पर दौड़ती हुई नजर आएंगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा और आम यात्रियों की परेशानियां पूरी तरह खत्म हो जाएंगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, लेवल क्रॉसिंग नंबर 380 पर रिलिविंग गर्डर लॉन्चिंग का काम सफलतापूर्व पूरा होने के बाद ट्रेनों को सुचारू रूप से चलाने की हरी झंडी दी गई है। बहाल की गई प्रमुख गाड़ियों में (68728) रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर, (68734) बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर, (68733) गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर और (68719) बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर शामिल हैं। इसके अलावा रूट पर आंशिक रूप से प्रभावित दो अन्य ट्रेनों को भी उनके प्रारंभिक स्टेशन से पूरे रूट के लिए बहाल कर दिया गया है।
इस निर्णय से बिलासपुर, रायपुर और गेवरा रोड के बीच हर दिन सफर करने वाले हजारों यात्रियों को काफी सहूलियत होगी, जिन्हें ट्रेनें रद्द होने की वजह से सड़क मार्ग से सफर करना पड़ रहा था। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर पर निकलने से पहले आधिकारिक पूछताछ काउंटर या ऑनलाइन माध्यमों से ट्रेनों की समय-सारणी सुनिश्चित कर लें ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो।







