Breaking

रायपुर: पंचशील नगर की सड़कें होंगी चकाचक, सीजीएमएससीएल अध्यक्ष दीपक म्हस्के और पार्षद संजना हियाल ने किया भूमिपूजन

Chhattisgarh RRT News Desk 21 February 2026

post

रायपुर: राजधानी के रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 4 अंतर्गत सिविल लाईन वार्ड क्रमांक 46 (पंचशील नगर) के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र की जर्जर सड़कों की समस्या को दूर करने के लिए नवीन सड़क डामरीकरण कार्य का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य मेडिकल सर्विसेस कारपोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससीएल) के अध्यक्ष श्री दीपक म्हस्के और सिविल लाईन वार्ड की पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्रीमती संजना संतोष हियाल ने संयुक्त रूप से इस विकास कार्य का भूमिपूजन किया।

Advertisement

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री दीपक म्हस्के और पार्षद श्रीमती संजना हियाल ने विधि-विधान से श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वार्ड के रहवासियों में भारी उत्साह देखा गया। श्री म्हस्के ने कहा कि रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना शासन की प्राथमिकता है। पंचशील नगर में डामरीकरण कार्य पूर्ण होने से स्थानीय लोगों को धूल और गड्ढों से मुक्ति मिलेगी और सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा।

पार्षद श्रीमती संजना संतोष हियाल ने बताया कि वार्ड क्रमांक 46 के विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। पंचशील नगर क्षेत्र के नागरिकों द्वारा लंबे समय से नई सड़क की मांग की जा रही थी, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और समय सीमा के भीतर डामरीकरण का काम पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान एमआईसी सदस्य ने निगम के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

इस गरिमामय कार्यक्रम में वार्ड के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में महिलाएं और नवयुवक उपस्थित रहे। रहवासियों ने विकास कार्यों की शुरुआत के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में स्थानीय जनों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। डामरीकरण के इस प्रोजेक्ट से न केवल वार्ड की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि बारिश के दिनों में होने वाली कीचड़ की समस्या का भी स्थायी समाधान होगा।

You might also like!