रायपुर। Raipur News : साल 2025 रायपुर पुलिस के लिए कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर एक मजबूत और निर्णायक साल रहा। पुलिस ने दावा किया है कि ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत नशा तस्करी, संगीन अपराध, साइबर ठगी और ट्रैफिक अव्यवस्था के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। इसका असर यह रहा कि अपराधियों में डर और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा।
नशे के खिलाफ सबसे बड़ा अभियान
नशा कारोबार के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत रायपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। इस दौरान 445 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और करीब ₹2.81 करोड़ की ड्रग्स जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों और पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क को तोड़ा गया। कुल 13 बड़े ड्रग कार्टेल पूरी तरह खत्म किए गए।
हत्या, लूट और चोरी में बड़ी गिरफ्तारियां
- साल 2025 में रायपुर में गंभीर अपराधों के मामलों में भी तेजी से कार्रवाई हुई।
- हत्या के 90 मामलों में 167 आरोपी पकड़े गए
- हत्या के प्रयास के 97 मामलों में 213 आरोपी गिरफ्तार
- लूट और डकैती के मामलों में 180 से ज्यादा आरोपी पकड़े गए
- चोरी और नकबजनी के 1900 से ज्यादा मामलों में 700 से अधिक आरोपी जेल भेजे गए
- पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोहों पर भी शिकंजा कसा और बिहार, महाराष्ट्र, झारखंड, तमिलनाडु जैसे राज्यों से जुड़े गिरोहों का पर्दाफाश किया।
अवैध हथियार, सट्टा और जुए पर सख्ती
आर्म्स एक्ट के तहत 561 मामलों में 566 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। बड़ी संख्या में चाकू, तलवार, पिस्टल और कारतूस जब्त किए गए।
वहीं सट्टा-जुआ और ऑनलाइन सट्टे के मामलों में भी लगातार छापेमारी कर लाखों की रकम जब्त की गई।
साइबर ठगी में राहत
- ऑनलाइन ठगी के मामलों में पुलिस ने NCR पोर्टल के जरिए त्वरित कार्रवाई की।
- 8680 शिकायतें दर्ज हुईं।
- ₹11.25 करोड़ की राशि होल्ड कराई गई।
- ₹90 लाख से ज्यादा पीड़ितों को वापस दिलाए गए।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल सैकड़ों आईडी पर कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक और सड़क सुरक्षा पर फोकस
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ 1.44 लाख से ज्यादा चालान काटे गए और ₹14.32 करोड़ से अधिक जुर्माना वसूला गया।
शराब पीकर गाड़ी चलाने और तेज रफ्तार पर भी सख्त कार्रवाई हुई। सड़क हादसों में मदद करने वाले 39 नागरिकों को सम्मानित किया गया।
गुमशुदा बच्चों की सकुशल वापसी
रायपुर पुलिस ने गुमशुदा बच्चों की तलाश में भी अच्छा काम किया। साल 2025 में दर्ज 600 मामलों में से 413 बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार से मिलाया गया।








