RAIPUR NEWS : आरंग में एलपीजी गैस वितरण को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। गिरजा गैस एजेंसी की मनमानी से परेशान उपभोक्ताओं ने बुधवार को आरंग-खरोरा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। बीते चार दिनों में यह दूसरी बार है जब लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया है।
जानकारी के अनुसार, लगातार शिकायतों के बावजूद गैस सिलेंडर की आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ है। लोगों का आरोप है कि एजेंसी द्वारा मनमाने तरीके से वितरण किया जा रहा है, जिससे कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।
इसी से नाराज होकर बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और आरंग-खरोरा मार्ग को जाम कर दिया। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर जाम खत्म कराने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
लोगों का कहना है कि आरंग में सिर्फ एक ही गैस एजेंसी होने के कारण उपभोक्ताओं को मजबूरी में इसी पर निर्भर रहना पड़ता है, जिसका फायदा उठाकर एजेंसी मनमानी कर रही है।
जनता ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द दूसरी सरकारी गैस एजेंसी खोली जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और इस तरह की समस्याओं से छुटकारा मिल सके।
लगातार विरोध और शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों की चुप्पी सवाल खड़े कर रही है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने की संभावना है।








