Breaking

रायपुर: नालियों के भीतर बिछी पाइपलाइनों की शिफ्टिंग तेज, अब घरों में पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

Chhattisgarh RRT News Desk 17 February 2026

post

नगर निगम रायपुर ने शहर के विभिन्न वार्डों में पाइपलाइनों को सुरक्षित करने का बड़ा अभियान शुरू किया है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे और आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार, जल कार्य विभाग की टीमें उन पाइपलाइनों को ट्रेस कर रही हैं जो नालियों के भीतर से गुजर रही हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गंदे पानी की समस्या को जड़ से खत्म करना और टेल एंड (अंतिम छोर) तक पर्याप्त प्रेशर के साथ शुद्ध पानी पहुँचाना है।

Advertisement

अभियान के तहत जोन 1, 6 और 8 में विशेष सफलता मिली है। सन्यासीपारा, मुर्राभट्ठी, टिकरापारा, संतोषी नगर और कबीर नगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में नालियों के बीच से गुजरने वाली पाइपलाइनों को सफलतापूर्वक बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। इस तकनीकी सुधार से इन क्षेत्रों के हजारों निवासियों को भविष्य में दूषित जल की आपूर्ति से राहत मिलेगी।

जल विभाग के अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू ने बताया कि सर्वे के दौरान ऐसी पाइपलाइनों को प्राथमिकता दी जा रही है जिनसे लीकेज या प्रदूषण का खतरा सबसे अधिक था। वर्तमान में यह कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और सभी जोनों की टीमों को सघन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। शिफ्टिंग के साथ-साथ पाइपलाइनों की सफाई और प्रेशर मैनेजमेंट पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण सुधार कार्य के बाद अब रायपुर के संबंधित वार्डों में नागरिकों को क्लोरीन युक्त शुद्ध पेयजल निरंतर मिलता रहेगा। नालियों से पाइपलाइन हटने के कारण जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका भी काफी कम हो गई है। नगर निगम प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में भी ऐसी कोई पाइपलाइन दिखे, तो वे तत्काल जोन कार्यालय को सूचित करें।

You might also like!