रायपुर शहर के सुव्यवस्थित विकास को सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिक निगम ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ निर्णायक जंग छेड़ दी है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे के निर्देश पर आयोजित 'नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग' सलाहकार समिति की बैठक में अध्यक्ष श्री मनोज वर्मा ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध प्लाटिंग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्देश दिए गए हैं कि जो प्रकरण नियमितीकरण के योग्य नहीं हैं, उनकी भूमि के प्रबंधन अधिग्रहण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।
पार्किंग नियमों की अनदेखी करने वालों की खैर नहीं
बैठक में शहर की बढ़ती यातायात समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की कड़ी जांच के निर्देश दिए गए हैं। अब शहर के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मैरिज लॉन, रेस्टोरेंट, कार शोरूम और मोटर गैराजों की जांच की जाएगी। यदि ये प्रतिष्ठान स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप पार्किंग उपलब्ध नहीं कराते हैं, तो उन पर सख्त कार्रवाई होगी। विशेष रूप से नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर होने वाली अवैध पार्किंग को हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
प्रमुख बाजारों से हटेगा अतिक्रमण, सुधरेगा यातायात
शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों जैसे पंडरी, गुढ़ियारी, अमापारा, सरोना और शिवानंद नगर के बाजारों को सुव्यवस्थित किया जाएगा। सड़कों पर अवैध रूप से खड़े ठेले, मोबाइल वैन और परित्यक्त वाहनों (Abandoned Vehicles) को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात बाधित करने वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया जाएगा ताकि आम जनता को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
वर्षा ऋतु और जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान
बैठक में आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जलभराव से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। नालियों की सफाई और पाइप पुशिंग के कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही खारून नदी के तट पर बनी संरचनाओं की जांच और सड़क डिवाइडर पर लगे अवैध विज्ञापनों को हटाने के लिए भी विभाग को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई
सलाहकार समिति के अध्यक्ष श्री मनोज वर्मा ने सभी जोन कमिश्नरों और नगर निवेश विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जनहित से जुड़े इन कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर आयुक्त श्री पंकज शर्मा, नगर निवेशक श्री आभाष मिश्रा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का लक्ष्य रायपुर को एक व्यवस्थित और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करना है।







_m.webp)
