Breaking

Raipur News: अवैध निर्माण पर सख्ती, महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को लगाई फटकार, दो हफ्ते में जलभराव दूर करने के निर्देश

Chhattisgarh RRT News Desk 29 July 2026

post

रायपुर। रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने बुधवार को नगर निगम के जोन 8, 9 और 10 के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में जलभराव, जल निकासी, अवैध निर्माण, अतिक्रमण और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। महापौर ने स्पष्ट कहा कि नियमों के विरुद्ध किए गए निर्माण पर बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होगी और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

Advertisement

अवैध निर्माण पर जताई नाराजगी

जोन-9 की समीक्षा के दौरान पार्षदों ने पाम रिजॉर्ट, एसेड रिजॉर्ट, रॉयल रिजॉर्ट सहित अन्य कॉलोनाइजरों द्वारा नालों पर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण का मुद्दा उठाया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए सभी अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और दोषी कॉलोनाइजरों पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।

अधूरी कार्रवाई पर अधिकारियों को फटकार

रीबाउंस बिल्डिंग के पास निर्माणाधीन टिन शेड पर शुरू की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई बीच में रोक दिए जाने के मामले पर महापौर ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण अवैध है तो कार्रवाई अधूरी नहीं छोड़ी जा सकती। पूरे मामले की जांच कर शेष कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए।

दो सप्ताह में जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश

जोन-10 की समीक्षा में देवपुरी स्कूल, वीआईपी चौक, काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी, महावीर नगर, मेट्रो हाइट्स, काली नहर, संतोषी नगर और विशाल नगर गार्डन क्षेत्र में जलभराव की समस्या पर चर्चा हुई। महापौर ने सभी चिन्हित स्थानों पर अधिकतम दो सप्ताह के भीतर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महावीर नगर क्षेत्र में लगभग 18 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य जल्द शुरू करने को कहा।

अतिक्रमण हटाने की तय होगी प्राथमिकता

महापौर ने निर्देश दिए कि अवैध अतिक्रमण करने वालों को नियमानुसार तीन नोटिस जारी करने के बाद कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पहले मुख्य मार्गों, फिर अधिक पार्किंग दबाव वाले क्षेत्रों और उसके बाद अन्य स्थानों से अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि यातायात और नागरिक सुविधाएं प्रभावित न हों।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण, नालों पर अतिक्रमण और जल निकासी बाधित करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर सुविधाएं, सुचारु जल निकासी व्यवस्था और व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करना है।

You might also like!