RRT News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आम प्रेमियों के लिए एक बेहद शानदार खबर है। शहर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) परिसर में आगामी 29 मई से तीन दिवसीय भव्य 'मैंगो फेस्टिवल' (आम महोत्सव) का आयोजन होने जा रहा है। कृषि महाविद्यालय परिसर में 29 मई से 31 मई 2026 तक चलने वाले इस अनूठे महोत्सव में आम की ढेरों वैरायटी एक ही छत के नीचे देखने को मिलेंगी, जो फलों के राजा के शौकीनों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं होगा।
इस बार के आम महोत्सव का मुख्य आकर्षण दुनिया का सबसे महंगा आम माना जाने वाला 'मियाजाकी' (Miyazaki) होगा। इसके साथ ही अपनी विशाल बनावट के लिए मशहूर 'नूरजहां' समेत देश-विदेश की 250 से अधिक आम की खास किस्मों के स्टाल यहां लगाए जाएंगे। इस प्रदर्शनी की सबसे अच्छी बात यह है कि लोग यहां न सिर्फ इन दुर्लभ और बेहतरीन आमों को देख सकेंगे, बल्कि अपनी पसंद के फल और उनके पौधे भी सीधे खरीद सकेंगे।
कृषि विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस महोत्सव का उद्देश्य आम जनता को आम की विभिन्न प्रजातियों से रूबरू कराना और बागवानी को बढ़ावा देना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में शहरभर से भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। अगर आप भी आम खाने और अलग-अलग पौधों को देखने के शौकीन हैं, तो इस वीकेंड रायपुर के इस मैंगो फेस्टिवल का दीदार करना बिल्कुल न भूलें।






