Raipur Crime : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुरानी बस्ती और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने बिहार के समस्तीपुर में दबिश देकर दो जालसाजों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने खुद को कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर बताकर एक महिला से 2 लाख रुपए की ठगी की थी।
क्या है पूरा मामला?
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 फरवरी 2026 को उसने OLX पर कैमरा खरीदने के लिए विज्ञापन देखा था। संपर्क करने पर अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को 'ऑल इंडिया कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर' बताया। ठगों ने महिला को भरोसे में लेकर कैमरे के नाम पर अलग-अलग UPI आईडी के माध्यम से कुल 2 लाख रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए और पैसे मिलते ही मोबाइल बंद कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 60/2026, धारा 318(4) BNS के तहत केस दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर साइबर सेल ने मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन (CDR) का बारीकी से विश्लेषण किया, जिससे आरोपियों का लोकेशन बिहार में मिला।
रायपुर पुलिस की विशेष टीम बिहार रवाना हुई और स्थानीय पुलिस की मदद से समस्तीपुर में घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों के नाम:
1. धीरज कुमार महतो (38 वर्ष), समस्तीपुर (बिहार)
2. सुबोध कुमार सिंह (25 वर्ष), समस्तीपुर (बिहार)
पुलिस की अपील: सावधानी ही बचाव है। रायपुर पुलिस ने आम जनता को सचेत करते हुए कुछ
महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं:
अग्रिम भुगतान न करें:
OLX या किसी भी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सामान देखे बिना या डिलीवरी से पहले किसी को भी एडवांस पैसा न भेजें।
पहचान की पुष्टि करें:
खुद को सरकारी अधिकारी या बड़ा डिस्ट्रीब्यूटर बताने वालों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
तुरंत सूचना दें:
यदि आप साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।







