Breaking

Raipur News: विदेश जाते ही बदले पति के सुर, कुवैत से फोन पर पत्नी को कहा 'तलाक, तलाक, तलाक'; रायपुर में प्रताड़ना का केस दर्ज

Chhattisgarh 06 June 2026 (30)

post

CG News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से रिश्तों को तार-तार करने और कानून को ठेंगा दिखाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक मुस्लिम महिला को उसके पति ने सात समंदर पार कुवैत से फोन पर 'तलाक, तलाक, तलाक' कहकर वैवाहिक संबंध तोड़ने की कोशिश की है। पीड़िता का आरोप है कि पति जब से नौकरी के सिलसिले में विदेश (कुवैत) गया है, तभी से उसके सुर बदल गए थे। वह फोन पर लगातार महिला के साथ बदसलूकी करता था और अंततः उसने फोन कॉल पर ही तीन तलाक देकर रिश्ता खत्म करने का फरमान सुना दिया।

Advertisement

मानसिक प्रताड़ना और गाली-गलौज के गंभीर आरोप

पीड़ित पत्नी ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत रायपुर के सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल और पति द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पति के कुवैत जाने के बाद यह प्रताड़ना और बढ़ गई। फोन पर बात करने के दौरान आरोपी पति अक्सर गाली-गलौज करता था और प्रताड़ित करता था। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि कानूनी रूप से तीन तलाक पर प्रतिबंध होने के बावजूद उसके पति ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और मुस्लिम महिला (विवाह अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम (तीन तलाक कानून) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला विदेश से जुड़ा हुआ है, इसलिए तकनीकी साक्ष्यों (फोन कॉल रिकॉर्डिंग और कॉल डिटेल) को खंगाला जा रहा है। पुलिस इस मामले में कानूनी विशेषज्ञों की सलाह लेकर आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने और उसे समन जारी करने की तैयारी में जुट गई है।

You might also like!