राजधानी रायपुर में ऑक्सीजोन के निर्माण के लिए लगभग 8 वर्ष पूर्व खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 69 प्रभावित दुकानदारों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। लंबे समय से अपने पुनर्वास का इंतजार कर रहे इन दुकानदारों को अब क्रिस्टल आर्केड के सामने शीघ्र व्यवस्थापन दिया जाएगा। महापौर श्रीमती मीनल चौबे की अध्यक्षता में आयोजित नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक में इस संबंध में औपचारिक संकल्प पारित कर दिया गया है, जिससे विस्थापन की प्रक्रिया का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है।
इस महत्वपूर्ण निर्णय के बाद प्रभावित दुकानदारों में खुशी की लहर है। एमआईसी में संकल्प पारित होने से प्रसन्न होकर दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम मुख्यालय पहुँचा। यहाँ दुकानदारों ने महापौर श्रीमती मीनल चौबे से मुलाकात की और उन्हें बुके भेंट कर अपना आभार प्रकट किया। दुकानदारों ने कहा कि पिछले 8 वर्षों से वे अपनी रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रहे थे, लेकिन महापौर की संवेदनशीलता के कारण अब उन्हें अपना स्थायी ठिकाना मिल सकेगा।
महापौर कक्ष में हुई इस भेंट के दौरान प्रभावित दुकानदार उमेश नामदेव, परेश चौहान के साथ ही नगर निगम रायपुर के पूर्व पार्षद दिलीप किरण सारथी और वरिष्ठ पत्रकार अनिरुद्ध दुबे भी उपस्थित रहे। महापौर मीनल चौबे ने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि नगर निगम प्रशासन उनके हितों के प्रति सजग है और विस्थापन की शेष प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा ताकि दुकानदार पुनः अपना व्यवसाय सुचारू रूप से शुरू कर सकें।








