रायपुर। राजधानी रायपुर में लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित एक जर्जर भवन को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई नगर निगम जोन-2 की नगर निवेश विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन मार्ग पर हनुमान मंदिर परिसर के पास की, जहां लंबे समय से जर्जर भवन दुर्घटना का खतरा बना हुआ था।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-2 के जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। इस दौरान कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे, उप अभियंता अंजलि बारले सहित नगर निगम की टीम मौके पर मौजूद रही।
अधिकारियों के अनुसार करीब 700 वर्गफीट क्षेत्र में फैले इस जर्जर भवन को जेसीबी मशीन की सहायता से सुरक्षित तरीके से हटाया गया। भवन की स्थिति काफी खराब होने के कारण आसपास के लोगों और राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ था। जनजीवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यह कार्रवाई की।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई जर्जर भवन या असुरक्षित निर्माण दिखाई देता है तो उसकी सूचना तुरंत निगम प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।








