Breaking

रेलवे स्टेशन पर फर्जी MST गिरोह का पर्दाफाश, छात्र समेत 4 गिरफ्तार; मोबाइल ऐप से करते थे धोखाधड़ी

Chhattisgarh RRT News Desk 29 April 2026

post

छत्तीसगढ़ के दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) रायपुर मंडल के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। रेलवे की सतर्कता टीम ने फर्जी मासिक सीजन टिकट (MST) बनाकर बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में शंकराचार्य कॉलेज के चार छात्रों—कुलदीप बिश्नोई, यू. ओंकार, अखिलेश साहू और राहुल साहू—को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ (RPF) दुर्ग के हवाले कर दिया गया है।

Advertisement

जांच में सामने आया है कि आरोपी 'UTS ऑन मोबाइल' ऐप के जरिए जारी किए गए असली टिकटों की इमेज और डेटा का इस्तेमाल कर फर्जी टिकट तैयार करते थे। मुख्य आरोपी कुलदीप बिश्नोई इन डुप्लीकेट टिकटों को बनाता था और फिर अपने साथियों के माध्यम से अन्य यात्रियों को बेचता था। रेलवे अधिकारियों को दुर्ग स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध MST मिला, जिसकी गहन जांच करने पर यह पूरा फर्जीवाड़ा सामने आया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर यह विशेष जांच अभियान चलाया गया था। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा आधिकारिक माध्यमों से ही टिकट खरीदें और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति से टिकट न लें। रेलवे की टीम मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े फरार सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।

You might also like!