Breaking

Raigarh News: किसानों की खुशहाली और समृद्धि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की विकास कार्यों की घोषणा

Chhattisgarh 15 October 2026 (6)

post

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और संस्कृति के केंद्र में हमारे अन्नदाता हैं, जिनकी आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री आज रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के 'नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह' को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

Advertisement

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर क्षेत्र में विकास कार्यों की झड़ी लगाते हुए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये और नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के मंगल भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके साथ ही परिसर में बाउंड्रीवॉल के निर्माण की स्वीकृति भी दी गई, जिससे समाज के आयोजनों में सुविधा मिल सके।

नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व हमारी समृद्ध कृषि संस्कृति, अन्नदाता के परिश्रम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अनूठा उत्सव है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ अंचल के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए केलो परियोजना का कार्य प्रारंभ किया गया है, जो क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा। इसके अलावा प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से खेती को नई मजबूती मिल रही है।

राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर जरूरतमंद परिवार के पक्के घर का सपना तेजी से साकार हो रहा है। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को सरकार की कार्यसंस्कृति बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सेवा सेतु जैसी डिजिटल पहलों के जरिए आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

समारोह में नक्सलवाद के खातले पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास का नया दौर शुरू हो चुका है, और शासन की पुनर्वास नीतियों से प्रभावित लोग मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि युवा अपनी शिक्षा और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ें और प्रदेश व समाज का नाम रोशन करें। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You might also like!