Breaking
- Women Empowerment: तालाब से महिलाओं ने संवारी अपनी तकदीर, मछली पालन से लाखों ...
- Tourism Awards: छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र के बेहतरीन काम को मिलेगा सम्मान,...
- Women Empowerment News: नारी सम्मान और स्वावलंबन से समृद्ध छत्तीसगढ़ का संकल्...
- Nepal Flood News: नेपाल बाढ़ में लापता भारतीयों को लेकर मंत्री राजेश अग्रवाल ...
- Cultural Event News: रायपुर में तीन दिन गूंजेंगी छत्तीसगढ़ की लोकधुनें, ‘रंग ...
- Critical Minerals: नवा रायपुर में कल होगा खनिज ब्लॉक्स की नीलामी को लेकर रोड शो
- Bastar Change: छिंदनार में बदली तस्वीर, धमाकों की जगह ग्रामीणों ने सुनी ‘मन क...
- Mann Ki Baat: मुख्यमंत्री साय ने 137वीं कड़ी सुनी, नशामुक्त युवा और नवाचारों ...
- Raipur Stray Cattle Drive: सड़कों पर खुले मवेशियों पर निगम सख्त, धरपकड़ के सा...
- Crime News: लिफ्ट मांगने को लेकर हुआ विवाद, स्कूटी सवारों ने युवक पर किया चाक...
राहुल गांधी की राजनीति अतीत की पीली हो चुकी डायरी, पीएम मोदी लिख रहे हैं विकसित भारत का भविष्य: सांसद बृजमोहन

नई दिल्ली / रायपुर 11 फरवरी :रायपुर सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पर हो रही सामान्य चर्चा में भाग लेते हुए इसे 'आत्मविश्वास का बजट' करार दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण को समर्पित है।

सांसद बृजमोहन ने कहा कि, बीते ग्यारह वर्षों में देश ने गति पाई है, गौरव पाया है, वैश्विक पहचान बनाई है। आज भारत इस बजट के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत बन रहा है। 2026 का बजट आत्मविश्वास का परिणाम है। यह बजट कहता है अब भारत रुकेगा नहीं, अब भारत झुकेगा नहीं, अब भारत थमेगा नहीं।
छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी नई ऊंचाई
सांसद अग्रवाल ने बजट के प्रावधानों को छत्तीसगढ़ की प्रगति से जोड़ते हुए कहा कि 'भारत विस्तार एआई (AI) मिशन' के तहत अब राज्य के किसानों को छत्तीसगढ़ी भाषा में खेती की उन्नत तकनीक सिखाई जाएगी। उन्होंने धान के समर्थन मूल्य का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस काल के 1310 रुपये के मुकाबले आज मोदी सरकार 2369 रुपये दे रही है, जबकि छत्तीसगढ़ में 'मोदी की गारंटी' के तहत 3100 रुपये में खरीदी कर किसानों को समृद्ध किया जा रहा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव
सदन को संबोधित करते हुए अग्रवाल ने आंकड़ों के जरिए विकास की रफ्तार को रेखांकित किया उन्होंने कहा कि, कांग्रेस शासन के 12 किमी प्रतिदिन के मुकाबले आज 33 किमी प्रतिदिन सड़कें बन रही हैं।पहले जहाँ 6.4 किमी प्रतिवर्ष रेलवे ट्रैक बिछते थे, आज 100 किमी प्रतिवर्ष का लक्ष्य हासिल किया जा रहा है।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तहत दानकुनी से सूरत तक बनने वाला कॉरिडोर छत्तीसगढ़ से गुजरेगा, जिससे राज्य में औद्योगिक क्रांति आएगी। वहीं भुवनेश्वर से विशाखापट्टनम कॉरिडोर का लाभ भी छत्तीसगढ़ को मिलेगा।
औद्योगिक और शैक्षणिक क्रांति का शंखनाद
सांसद बृजमोहन ने बताया कि बजट में रेयर अर्थ और सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे छत्तीसगढ़ में मिले लिथियम भंडार का तेजी से विकास होगा और भारत बैटरी निर्माण में आत्मनिर्भर बनेगा। शिक्षा के क्षेत्र में 42,100 करोड़ के प्रावधान और 15,000 नए स्कूलों व 5,000 कॉलेजों की स्थापना की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ये संस्थान अब केवल खेल के मैदान नहीं, बल्कि अनुसंधान की प्रयोगशालाएं बनेंगे।
युवाओं और महिलाओं के लिए विशेष सौगात
अग्रवाल ने उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने वाले छात्रों को बड़ी राहत मिलने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब छात्रों को शिक्षा और चिकित्सा ऋण पर 5% के बजाय मात्र 2% ब्याज देना होगा। इसके साथ ही, हर जिले में महिलाओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण से महिला सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी।
मजबूत अर्थव्यवस्था और वित्तीय अनुशासन
बजट के वित्तीय पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि, "आज देश का बजट 53.47 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। राजकोषीय घाटा, जो पिछली सरकार में 8.9% था, उसे घटाकर 4.4% पर लाया गया है। जो बैंक कांग्रेस के समय 'बैंक-करप्ट' हो गए थे, वे आज मुनाफे में हैं। यह मोदी जी के कुशल नेतृत्व का ही परिणाम है कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।"
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन का समापन करते हुए विश्वास जताया कि यह बजट 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
राहुल गांधी की राजनीति अतीत की पीली हो चुकी डायरी, पीएम मोदी लिख रहे हैं विकसित भारत का भविष्य: सांसद बृजमोहन
बृजमोहन अग्रवाल ने बजट पर चर्चा करते हुए विपक्ष, विशेषकर नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने गांधी के बयानों को यथार्थ से परे बताते हुए कहा कि कांग्रेस का शासन विफलताओं का इतिहास रहा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बजट देश के उज्ज्वल भविष्य का निवेश है।
बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि, "अब राहुल जी की राजनीति, अतीत की डायरी हो गई है जिसके पन्ने पीले पड़ चुके हैं। आज भारत के भविष्य की पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इस बजट के माध्यम से लिख रहे हैं, जिसके हर पृष्ठ पर देश का विकास अंकित है।"
आजादी के बाद 60 वर्षों तक कांग्रेस ने देश पर शासन किया, लेकिन उन दशकों में देश को संभावनाएं तो मिलीं पर दिशा नहीं मिली। संसाधन थे पर संकल्प की कमी थी। उन्होंने कांग्रेस के शासन की तुलना ऐसे लेखक से की जिसके पास कागज तो बहुत थे, पर कलम में स्याही नहीं थी।
नेता प्रतिपक्ष पर प्रहार करते हुए श्री अग्रवाल ने उन्हें राजनीति का ऐसा कवि बताया जो भावनाओं की कविताएं तो लिखते हैं, पर यथार्थ की गद्य-भाषा नहीं समझते। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी ऐसे यात्री हैं जिन्हें खुद रास्ता नहीं मालूम, पर देश को मंजिल दिखाने चले हैं।
उनके भाषणों में आरोप और नारे तो बहुत हैं, लेकिन नीतियों और आत्मचिंतन का अभाव है। वे आज गरीबी और बेरोजगारी पर भाषण देते हैं, लेकिन अपने शासनकाल की विफलताओं और घोटालों की 'प्रयोगशाला' पर मौन साध लेते हैं।
सांसद अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के लिए सत्ता एक 'परिवार की धरोहर' थी, जबकि भाजपा के लिए यह 'जनता की सेवा' का माध्यम है। 60 साल का पिछड़ापन दुर्भाग्य नहीं, बल्कि कांग्रेस के विफल नेतृत्व का प्रमाण है।
बृजमोहन अग्रवाल ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल खर्च का ब्यौरा नहीं, बल्कि देश के भविष्य में किया गया निवेश है। भारत अब निर्भर नहीं, आत्मनिर्भर बन रहा है।







