Breaking
- Festival News: कमरछठ 2026 में जानिए अंग्रेजी मिर्च, पसहर चावल और छह भाजी का म...
- Health News: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, 130 मामलों की पुष्टि; 3...
- हरित छत्तीसगढ़–समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा प्रदेश : वन मंत्...
- Raipur Education News: नवप्रवेशित छात्राओं को राज्यपाल रमेन डेका की सीख, वर्त...
- Education News: नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS कैंपस, 10 हजार विद्यार्थियों को म...
- Chhattisgarh UCC News: बस्तर से सरगुजा तक UCC पर मंथन, आदिवासी परंपराओं और मह...
- Chhattisgarh UCC News: बस्तर से सरगुजा तक UCC पर मंथन, आदिवासी परंपराओं और मह...
- Education News: राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री साय...
- Nepal Flood Rescue: सुरंगों में फंसे 900 से ज्यादा लोगों को बचाने की चुनौती, ...
- Bhilai News: PM आवास की किश्त नहीं भरने वालों पर निगम की कार्रवाई, मकान आवंटन...
Education News: राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री साय से साझा किए यादगार अनुभव

रायपुर। राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की यात्रा, राष्ट्रपति से हुए आत्मीय संवाद और वहां मिले सम्मान से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

राष्ट्रपति से संवाद का अनुभव विद्यार्थियों ने किया साझा
विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलना उनके जीवन का यादगार अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से सहजता से बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए विशेष क्षणों को भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कमी नहीं है। सही अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर वे हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में हुई मुलाकात का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने CWSN विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह स्नेह नुकेश के साथ वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी यादगार बन गया।
सुवा नृत्य से दिखी छत्तीसगढ़ की संस्कृति
राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की भी सुंदर प्रस्तुति हुई। छात्राओं ने पारंपरिक सुवा नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे राष्ट्रपति ने सराहा। गीत-संगीत और लोक परंपराओं से सजी इस प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की झलक देश के प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा के साथ प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति का परिचय कराना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी जब इसे बड़े मंचों पर प्रस्तुत करती है, तो प्रदेश की परंपराओं को नई पहचान मिलती है।
विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने दी आगे बढ़ने की प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों से कहा कि राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और यात्रा के अनुभव को वे अपने जीवन की प्रेरणा बनाएं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे बड़े सपने देखें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपनी उपलब्धियों से परिवार, छत्तीसगढ़ और देश को गौरवान्वित करें।
राष्ट्रपति से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे। इस दौरान डॉ. मुक्ति बैस, राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर और चंद्रशेखर मिथलेश, व्याख्याता (भौतिकी), शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद भी मौजूद रहे।






