Breaking

आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय के लोकार्पण की तैयारी ज़ोरों पर: प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन

Chhattisgarh RRT News Desk 26 October 2025

post

अटल नगर: नवा रायपुर के अटल नगर में आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को समर्पित भव्य एवं आकर्षक संग्रहालय के लोकार्पण की तैयारी जोरों पर है। प्रदेश के आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आज संग्रहालय पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Advertisement

प्रधानमंत्री 01 नवंबर को करेंगे उद्घाटन

यह महत्वपूर्ण है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आगामी 01 नवंबर को शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक सह संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। यह संग्रहालय जनजातीय गौरव, शौर्य और बलिदान को समर्पित प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना का साकार रूप है।

संग्रहालय की मुख्य विशेषताएँ:

संग्रहालय का निर्माण 50 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है।

यहां 14 गैलरियों में अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करने वाले जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की लगभग 650 मूर्तियां लगाई गई हैं।

जनजातीय विद्रोहों को आसानी से समझने के लिए संग्रहालय में डिजिटलीकरण की विशेष व्यवस्था की गई है।

मंत्री नेताम ने लिया तैयारियों का जायजा

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री नेताम ने कहा कि यह संग्रहालय नई पीढ़ियों को उनके पुरखों की वीर गाथाओं को चिरस्मरणीय बनाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां और शेष निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मुख्य रूप से संग्रहालय में डिजीटलीकरण कार्य, दिव्यांगजनों हेतु पृथक पार्किंग व्यवस्था, सॉवेनियर शॉप, गार्डनिंग और वॉटर सप्लाई की स्थिति का निरीक्षण किया और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, टीआरटीआई संचालक श्रीमती हिना अनिमेष नेताम सहित निर्माण कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

You might also like!