Breaking

IPL Betting Crackdown: रायपुर पुलिस का मुंबई-गोवा में सर्जिकल स्ट्राइक! सट्टा किंग बाबू खेमानी समेत 7 दबोचे, BMW और ऐशो-आराम के सामान जब्त

Chhattisgarh RRT News Desk 17 April 2026

post

NV News - रायपुर पुलिस ने आईपीएल सीजन के बीच ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सट्टा सिंडिकेट के मास्टरमाइंड और बड़े इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी को पुलिस ने मुंबई और गोवा के ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। बाबू खेमानी महादेव ऐप की तर्ज पर '3 STUMPS' जैसी अपनी वेबसाइट बनाकर देशव्यापी सट्टा नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने इस कार्रवाई में मास्टरमाइंड के साथ कुल 7 आरोपियों को पकड़ा है। इनके पास से लग्जरी BMW कार, 18 महंगे मोबाइल फोन और करोड़ों के सट्टे का हिसाब-किताब बरामद किया गया है।

Advertisement

जांच में खुलासा हुआ है कि बाबू खेमानी पिछले ढाई साल से रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप और डायमंड मास्टर जैसे कई ऑनलाइन पैनल का संचालन कर रहा था। वह रायपुर में अपने भाई करण खेमानी की मदद से पुणे, मुंबई और गोवा जैसे शहरों में छिपकर पूरा सिंडिकेट ऑपरेट कर रहा था। आरोपी इतना शातिर था कि उसने खुद की सट्टा वेबसाइट तैयार कर ली थी ताकि कमीशन का बड़ा हिस्सा अपनी जेब में रख सके। रायपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से मुंबई के एक आलीशान फ्लैट से उसे घेराबंदी कर पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के तार दुबई से भी जुड़े होने की आशंका है। जब्त की गई BMW कार और अन्य कीमती सामानों की कुल कीमत 60 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। बाबू खेमानी के खिलाफ गंज थाने में पहले ही एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। इस पूरे मामले में अब तक कुल 27 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अब इन आरोपियों के बैंक खातों और ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच कर रही है ताकि सट्टे से कमाई गई अवैध संपत्ति को कुर्क किया जा सके।

रायपुर एसएसपी ने साफ चेतावनी दी है कि शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार करने वाले किसी भी सफेदपोश या अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। बाबू खेमानी की गिरफ्तारी को रायपुर पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है क्योंकि वह लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर लग्जरी लाइफ जी रहा था। इस कार्रवाई के बाद सट्टा बाजार में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब उन स्थानीय लोगों की भी तलाश कर रही है जो शहर में रहकर बाबू खेमानी के लिए पैनल डिस्ट्रीब्यूशन और पैसे की उगाही का काम करते थे।

You might also like!