RRT News- छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी और अनोखी कार्रवाई की है। पुलिस ने उड़ीसा से छत्तीसगढ़ में गांजे की बड़ी खेप की सप्लाई करने वाले और दुर्ग-भिलाई जिले में इसे खपाने की फिराक में लगे दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख 25 हजार रुपए मूल्य का 14.5 किलो अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार को जब्त कर लिया है।
नशा तस्करी के इस पूरे मामले में आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए बेहद 'हाईटेक' और शातिराना तरीका अपनाया था। तस्करों ने अपनी क्रेटा कार के दरवाजों के भीतर बकायदा एक गुप्त चेंबर (कंटेनर) तैयार किया था, जिसके अंदर गांजे के पैकेट को छिपाकर रखा गया था ताकि सामान्य चेकिंग में कोई इसे पकड़ न सके। लेकिन आरोपियों की यह चालाकी तब धरी की धरी रह गई जब कार के दरवाजों से आ रही गांजे की तेज खुशबू ने पुलिस के सामने उनका पूरा राज खोल दिया।
इस बड़ी कामयाबी के पीछे कुम्हारी थाना पुलिस और एसीसीयू दुर्ग की टीम की मुस्तैदी रही, जिन्हें मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक कार में अवैध गांजा महासमुंद और रायपुर के रास्ते दुर्ग लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे तगड़ी घेराबंदी कर दी। जैसे ही रायपुर की ओर से आ रही संदिग्ध क्रेटा कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोक लिया और कड़ाई से तलाशी लेकर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।







