सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उमझर घाट के पास बारात के बाद चौथी समारोह में शामिल होकर लौट रहे लोगों से भरी एक पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। घाट के खतरनाक मोड़ पर हुए इस खौफनाक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि गाड़ी में सवार कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि समारोह संपन्न होने के बाद सभी लोग पिकअप में सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सूरजपुर जिले के उमझर घाट के पास ढलान और घुमावदार मोड़ पर चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होते ही पिकअप सीधे सड़क किनारे पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे और घायल लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया।
सूचना मिलते ही चांदनी बिहारपुर पुलिस टीम तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर हादसे के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।







