Breaking

परसकोल में शिक्षा की बड़ी सौगात: ₹75.23 लाख की लागत से बनने वाले हाई स्कूल भवन का भूमिपूजन, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब रहे मुख्य अतिथि

Chhattisgarh 07 June 2026 (40)

post

आरंग विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम परसकोल में ग्रामीण शिक्षा के स्तर को सुधारने और छात्र-छात्राओं को बेहतर माहौल देने के लिए एक बड़ी सौगात मिली है। शासकीय हाई स्कूल के नए भवन निर्माण के लिए ₹75.23 लाख की लागत राशि का विधि-विधान से भूमिपूजन संपन्न हुआ। शुक्रवार को आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत आरंग की अध्यक्ष टाकेश्वरी मुरली साहू ने की।

Advertisement

भूमिपूजन के बाद जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि शिक्षा किसी भी उन्नत समाज के विकास की पहली सीढ़ी होती है। सरकार का संकल्प है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अधोसंरचना मिले। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह हाई स्कूल भवन क्षेत्र के बच्चों के सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। आज के आधुनिक युग में केवल डिग्री को नाकाफी बताते हुए मंत्री ने कहा कि युवाओं को हुनरमंद होना पड़ेगा, जिसके लिए तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

समारोह में जनपद सदस्य (क्षेत्र क्रमांक 8) प्रीतम साहू ने कहा कि परसकोल और आसपास के गांवों के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और स्कूल के नए भवन की बहुप्रतीक्षित मांग आज पूरी हो रही है। वहीं जनपद अध्यक्ष टाकेश्वरी मुरली साहू ने कहा कि स्कूल भवन बनने से परसकोल सहित आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत परसकोल की सरपंच लक्ष्मी सोहन साहू, भाजपा मंडल आरंग के अध्यक्ष देवनाथ साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण कुमार भारद्वाज, भाजपा मंडल आरंग के मंत्री दौलत राम साहू तथा शाला विकास एवं प्रबंधन समिति की अध्यक्ष भोजमति साहू मंचासीन थीं। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य चंद्रहास सेन ने आभार व्यक्त किया।

You might also like!