RRT News- रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 2 के अंतर्गत आने वाले 7 वार्डों (वार्ड क्रमांक 6, 13, 14, 26, 27, 28 और 35) के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शहीद स्मारक भवन में 'सुशासन तिहार 2026' जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस शिविर का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उनके साथ नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, निगम आयुक्त संबित मिश्रा, एमआईसी सदस्य अवतार भारती बागल, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नन्द कुमार चौबे और जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय सहित 15 से अधिक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने भीषण गर्मी के बीच सभी स्टॉलों का जायजा लिया और अधिकारियों को एक महीने के भीतर जनता की समस्याओं को सुलझाने के कड़े निर्देश दिए।
करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन और ईंधन बचाने की अपील
शिविर के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगात देते हुए विभिन्न 23 स्थानों पर लगभग 2 करोड़ 5 लाख रूपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सीसी रोड, नाली, पुलिया निर्माण, सामुदायिक भवन और पाइपलाइन विस्तार शामिल हैं। मंच से जनता को संबोधित करते हुए विधायक ने राष्ट्रहित में ईंधन बचाने की विनम्र अपील भी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार जनता के द्वार तक पहुंचकर सुशासन का लाभ दे रही है। शिविर में कुल 198 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 180 मांगें और 18 शिकायतें शामिल हैं। सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि इतनी कम शिकायतें मिलना इस बात का प्रमाण है कि जोन 2 के अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली बेहतर है। उन्होंने सभी आवेदकों को एक माह में लिखित समाधान रिपोर्ट देने की बात कही।
ऑन-द-स्पॉट मिला योजनाओं का लाभ, बांटे गए राशन कार्ड और ट्राइसाइकिल
इस सुशासन शिविर की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि पात्र हितग्राहियों को आवेदन करते ही तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई। देवेंद्र नगर के नारायण सोनी को तुरंत श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। वहीं पुष्पा शर्मा व देवकी साहू को अंत्योदय राशन कार्ड, गौरी बाई को प्राथमिकता राशन कार्ड और मयूरी पाटिल, शहनाज बानो व कविता जंघेल को सामान्य राशन कार्ड मौके पर ही बनाकर सौंपे गए। इसके अलावा, 'मोर जमीन मोर मकान' योजना के तहत 16 पात्र हितग्राहियों को नए मकान निर्माण के लिए भवन अनुज्ञा पत्र दिया गया। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दो नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया, जबकि स्वास्थ्य शिविर में 108 नागरिकों की जांच कर 21 लोगों को आवश्यकतानुसार मुफ्त चश्मे वितरित किए गए।







