Breaking

Crime News: घर से लापता 24 वर्षीय युवक का नर्सरी में पेड़ से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Chhattisgarh 12 October 2026 (7)

post

कोरबा, 12 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय जय कुमार पटेल के रूप में हुई है। वह रविवार शाम से लापता था और परिजन रातभर उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार सुबह उसका शव घर से करीब 100 मीटर दूर राकसिपारा डगनिया स्थित नर्सरी में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

Advertisement

रविवार शाम से लापता था युवक

यह मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, जय कुमार पटेल अविवाहित था और मजदूरी करके अपना जीवनयापन करता था। वह रविवार शाम से घर से लापता था। उसके वापस नहीं लौटने पर परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया।

नर्सरी में पेड़ पर लटका मिला शव

सोमवार सुबह करीब 10 बजे कुछ ग्रामीण शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्होंने राकसिपारा डगनिया की नर्सरी में एक पेड़ से युवक का शव लटका देखा। मृतक की पहचान जय कुमार पटेल के रूप में होने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।

आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार, संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

You might also like!