सूरजपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सोमवार रात दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई। शहर के नेहरू पार्क में एक युवती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
मृतका की पहचान राधिका राजवाड़े के रूप में हुई है, जो लटोरी की रहने वाली थी और सूरजपुर में किराए के मकान में रहकर काम करती थी। सोमवार रात उसका शव नेहरू पार्क में खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर युवती के प्रेमी को हिरासत में लिया। पूछताछ में प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।







