Breaking

NEET पेपर लीक पर बिलासपुर में बवाल: NSUI कार्यकर्ताओं पर पुलिस का लाठीचार्ज, प्रदर्शन के दौरान विधायक देवेंद्र यादव का फटा कुर्ता

Chhattisgarh RRT News Desk 03 June 2026

post

RRT  News- NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशव्यापी गुस्से के बीच छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। छात्र संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के बिलासपुर स्थित निवास का घेराव करने के लिए कूच किया। इस प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और पुलिस के बीच तीखी बहस और भारी झूमाझपटी हुई। यह टकराव इस हद तक बढ़ गया कि हंगामा शांत कराने की कोशिश के दौरान विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता तक फट गया।

Advertisement

प्रदर्शनकारियों को केंद्रीय मंत्री के बंगले की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने पहले से ही मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी। हालांकि, आक्रोशित युवाओं और छात्रों की भारी भीड़ ने जब बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, तो स्थिति अनियंत्रित हो गई। युवाओं को उग्र होते देख और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को मजबूरन वाटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल करना पड़ा। इसके बाद भी जब प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई।

इस लाठीचार्ज में NSUI के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। कांग्रेस और उसके छात्र संगठन ने पुलिस की इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है, जबकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाना जरूरी था। इस पूरे हंगामे और लाठीचार्ज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राज्य में NEET पेपर लीक के मुद्दे पर चल रही सियासत को और अधिक गरमा दिया है।

You might also like!