Breaking

CG News: रायपुर के 70 वार्डों में पहुंचेगा 'नेचर्स एटीएम', वन मंत्री केदार कश्यप ने हरियाली अभियान को दी नई रफ्तार

Chhattisgarh RRT News Desk 29 July 2026

post

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की परिकल्पना "हरियर छत्तीसगढ़" और "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को आगे बढ़ाते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने रायपुर के सभी 70 वार्डों में 'नेचर्स एटीएम' (Nature's ATM) के माध्यम से निःशुल्क पौधा वितरण अभियान की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना और हर नागरिक को अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है।

Advertisement

बुधवार को नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से वन मंत्री केदार कश्यप ने 'नेचर्स एटीएम' वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रायपुर वनमंडल की ओर से शुरू किए गए इस चलित पौधा वितरण वाहन के माध्यम से शहर के सभी 70 वार्डों में घर-घर पहुंचकर नागरिकों को मुफ्त पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान का संचालन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

फलदार और छायादार पौधों का होगा वितरण

'नेचर्स एटीएम' के माध्यम से नागरिकों को फलदार, छायादार और अधिक ऑक्सीजन देने वाली विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए जाएंगे। वन विभाग का उद्देश्य केवल पौधारोपण कराना नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

"हर पौधा भविष्य की अमूल्य धरोहर"

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पेड़-पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि माँ के सम्मान में लगाया गया एक पौधा मातृभक्ति के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का भी प्रतीक है। 'नेचर्स एटीएम' जैसी पहल से हरियाली आमजन तक पहुंचेगी और रायपुर को अधिक स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ शहर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

कार्यक्रम में वन विभाग और रायपुर वनमंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे 'नेचर्स एटीएम' से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़ें और हरियर छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार बनाने में भागीदारी निभाएं।

You might also like!